शिंदे ने कहा कि अगर वो भाग जाता तो विपक्ष कहता कि उसे भगा दिया। पुलिस के पास बंदूक क्या शोपीस है। क्यों रखी है, ऐसे भी बोलते। यही लोग बदलापुर स्टेशन में 9 घंटे रेल को रोका था। इसे फांसी दो, हमने फांसी का फंदा रखा है।

मुंबई (एजेंसी):
बदलापुर एनकाउंटर को लेकर एकनाथ शिंदे ने विपक्ष की दोहरी नीति पर निशाना साधा है। सीएम शिंदे ने इंडिया टुडे के मुंबई कॉन्क्लेव में बदलापुर मुठभेड़ में पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “जो बच्ची है उसकी उम्र कितनी? चार साल है। आरोपी जिसने उसके साथ अत्याचार किया, उसकी चार बीवियां हैं, उनमें से एक ने आकर एफआईआर दर्ज कराई। जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे, उसने उसे हैवान बताया। जिनकी बेटियां हैं, उन माता-पिता पर क्या बीत रही होगी।”

शिंदे ने कहा, “उसकी हैवानियत देखिए, वह बेटी की उम्र की लड़कियों के साथ ऐसा कर रहा था। अपनी बीवी के साथ भी अत्याचार कर रहा था। ऐसी परिस्थिति में उसे कोर्ट ला रहे थे, उसने पुलिस के ऊपर गोली चलाई। अगर पुलिस के ऊपर गोली चलाता है, तो पुलिस क्या करेगी, उसे छोड़ देगी?”

शिंदे ने आगे कहा, “अगर वो भाग जाता तो विपक्ष कहता कि उसे भगा दिया। पुलिस के पास बंदूक क्या शोपीस है? क्यों रखी है, ऐसे भी बोलते। यही लोग बदलापुर स्टेशन में 9 घंटे रेल को रोका था। इसे फांसी दो, हमने फांसी का फंदा रखा है। अब यही विपक्ष सवाल उठा रही है। विपक्ष को दोगली नीति नहीं अपनानी चाहिए। दोनों तरफ से बात नहीं करनी चाहिए।”

शिंदे ने स्पष्ट कहा कि यह सेल्फ डिफेंस है। पुलिस घायल है। पुलिस को क्या उसे छोड़ देना चाहिए?

गौरतलब है कि बंबई उच्च न्यायालय ने कहा कि आरोपी की मौत की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए। हाई कोर्ट ने कहा कि आरोपी पर गोली चलाने से बचा जा सकता था और पुलिस ने पहले उसे काबू करने की कोशिश क्यों नहीं की। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने कहा कि यदि उन्हें पता चलता है कि जांच ठीक से नहीं की जा रही है तो वे उचित आदेश पारित करने के लिए बाध्य होंगे। बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपी की मौत की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जानी चाहिए।