फरियादियों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और जांच में निष्पक्षता बरतने के निर्देश
चौपाल संवाददाता
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार, 28 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों की जांच निष्पक्षता से करें और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। पुलिस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें बेहतर और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।
