16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
चौपाल संवाद
फतेहपुर । जनपद में संचालित जनगणना कार्यक्रम के संबंध में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और स्वगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के अंतर्गत स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके बाद प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए बताया कि आम नागरिकों की सहभागिता इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यशाला के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य विकास अधिकारी ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
स्वगणना की सुविधा के संबंध में उन्होंने बताया कि नागरिक निर्धारित वेबसाइट https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकते हैं। जनगणना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 तथा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रति आमजन को जागरूक करना आवश्यक है। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, समय-सारिणी और स्वगणना की सुविधा के बारे में सही जानकारी मिल सके।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे जनगणना-2027 से संबंधित सूचनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
