व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखी, दुकानदारों को मिलावट से दूर रहने की हिदायत
आज का चौपाल | जिला संवाददाता
फतेहपुर। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए जिले में सघन अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश एवं सहायक आयुक्त (खाद्य)-ए वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।
अभियान के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, बिक्री के तरीके और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया।
जांच के दौरान बाजार में खुले अथवा लूज कुट्टू के आटे की बिक्री होती नहीं मिली। इसके बावजूद अधिकारियों ने दुकानदारों को खुले कुट्टू के आटे की खरीद-बिक्री और सेवन से बचने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्रि के दौरान व्रत सामग्री की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है, ऐसे में खाद्य कारोबारियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
टीम ने बिंदकी स्थित मुरारी लाल ट्रेडर्स से घी का नमूना लिया। जहानाबाद स्थित सीताराम किराना से किशमिश का नमूना लिया गया। इसके अलावा बिंदकी स्थित राज मिल्क प्रोडक्ट से घी का नमूना, रिलायंस स्मार्ट से कुट्टू के आटे का नमूना तथा बिल्डिंगटेक प्रा. लि., सिंघाड़े के आटे का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की कि वे त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच जरूर करें। खुले में बिकने वाले संदिग्ध खाद्य पदार्थों से बचें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दें।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा, सिद्धार्थ कुमार एवं दिनेश चंद्र मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
