मुंबई। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक आयुध फैक्टरी में विस्फोट हो गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी कि आयुध फैक्टरी में विस्फोट के कारण एक इकाई की छत गिर गई, जिससे कई श्रमिक मलबे में फंस गए। उन्होंने इस घटना पर शोक व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह बड़ा विस्फोट था, जिसमें आठ लोगों की मौत हुई और सात घायल हुए। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि बचाव दल घटनास्थल पर तैनात हैं। प्रभावितों को सहायता प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बचाव और चिकित्सा दल घटनास्थल पर तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी संजय कोल्टे ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब साढ़े 10 बजे फैक्टरी परिसर में हुआ। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, यह विस्फोट जवाहर नगर इलाके में स्थित फैक्टरी के ‘एलटीपी सेक्शन’ में हुआ। उस समय सेक्शन में 14-15 कर्मचारी काम कर रहे थे। इनमें से तीन को बचा लिया गया, जबकि एक की मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद अग्निशमन दल और एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। छत के मलबे को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आयुध फैक्टरी में हुए इस विस्फोट में छत गिरने से 13 से 14 श्रमिकों के फंसने की सूचना है। दुर्भाग्यवश, एक श्रमिक की मौत हो गई है। कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर प्रकार की मदद उपलब्ध कराई जा रही है। बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ और नागपुर नगर निगम की टीमों को बुलाया गया है।