नई दिल्ली (एजेंसी)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष केवल भाजपा से नहीं, बल्कि भारतीय राज्य (इंडियन स्टेट) से भी लड़ रहा है। इस पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला किया।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास उन ताकतों के साथ खड़े होने का रहा है, जो भारत को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कांग्रेस का घिनौना सच अब उनके अपने नेता ने उजागर कर दिया है। मैं राहुल गांधी को उनके स्पष्ट बयान के लिए ‘प्रशंसा’ करता हूं, जिससे यह साफ हो गया कि वह भारतीय राज्य से लड़ रहे हैं।”
नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर शहरी नक्सलियों और डीप स्टेट के साथ संबंध रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गतिविधियां भारत को बदनाम और नीचा दिखाने के उद्देश्य से की जाती हैं। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस ने सत्ता के लालच में देश की अखंडता और जनता के विश्वास से समझौता किया है।
उन्होंने राहुल गांधी पर यह भी आरोप लगाया कि उनकी विचारधारा भारत को विभाजित करने और समाज में दरार डालने की ओर उन्मुख है। नड्डा ने कहा, “भारत की जनता समझदार है और उन्होंने तय कर लिया है कि वे राहुल गांधी और उनकी सड़ी-गली विचारधारा को खारिज करेंगे।”
राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कहा था, “यह मत सोचिए कि हम निष्पक्ष लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा और आरएसएस ने हमारे देश के प्रत्येक संस्थान पर कब्जा कर लिया है। हम केवल भाजपा और आरएसएस से नहीं, बल्कि ‘इंडियन स्टेट’ से भी लड़ रहे हैं।”
भाजपा ने राहुल गांधी के इस बयान को कांग्रेस की सोच का पर्दाफाश बताया और इसे देश के खिलाफ काम करने वाली ताकतों के साथ खड़ा होने का प्रमाण करार दिया।