लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार सिर्फ हैट्रिक ही नहीं लगेगी, बल्कि एक नया रिकॉर्ड भी बनेगा।
योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर परिवारवाद, जातिवाद और खराब कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और जनादेश प्राप्त करेगी।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी दमदारी के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत और प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई पहचान पर जिसे भी गौरव की अनुभूति होती है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा।
उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पांच वर्ष लगातार मुख्यमंत्री रहने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच वर्ष तक लगातार अपनी सरकार चलाई। भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर क्या बड़ा दावा किया?
मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों और राहुल गांधी के बयानों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज का माहौल था। थानों, तहसीलों और जिलों को बंधक बनाने की कोशिशें की जाती थीं। जब भी इन दलों को मौका मिला, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई। कर्फ्यू, दंगे और लूटपाट जैसी घटनाएं आम थीं। भाजपा अपने सहयोगियों के साथ इन मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने यूपी का बेड़ा गर्क किया था
सीएम योगी से 80-20 के मुद्दे पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ये उपलब्धियां पहले भी हासिल कर चुकी है। विपक्ष चाहे कितना भी दुष्प्रचार करे या समाज को बांटने की कोशिश करे, उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया जाता था और युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगाई जाती थी। उत्तर प्रदेश को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर कर दिया गया था।
योगी ने कहा कि कर्फ्यू और दंगे उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुके थे और समाज के हर वर्ग के सामने अपनी पहचान और सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया था।
