कानपुर। कल्याणपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय चरस तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15.320 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की चरस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।

आरोपी एक ऑल्टो कार में सवार होकर इस अवैध खेप को ठिकाने लगाने जा रहे थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि तस्करी का यह सिंडिकेट इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में चलाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आस्तिक गौतम (26), निवासी कानपुर, और आयुष तिवारी (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आस्तिक गौतम इंटर पास है, जबकि आयुष तिवारी बीकॉम पास है। दोनों पेशेवर अपराधियों की तरह दिखने के बजाय इवेंट मैनेजमेंट का काम करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। इसी की आड़ में वे लंबे समय से चरस के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।

नेपाल से लाते थे चरस

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पड़ोसी देश नेपाल से चरस की खेप लाते थे। इसके बाद कानपुर और आसपास के जिलों के अलावा मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इसे ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता था।

तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए अलग-अलग और सुरक्षित रास्तों का इस्तेमाल करते थे। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते इस बार दोनों आरोपी पकड़े गए।

कल्याणपुर पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के साथ-साथ इसके स्थानीय और विदेशी नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।