संवाददाता, फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रेक्षागृह में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का दूसरे दिन जनसामान्य के साथ-साथ मां रामश्री उदयभान सिंह इंटर कॉलेज, केशवकुंज, आबूनगर, फतेहपुर के छात्र-छात्राओं ने अवलोकन किया।

विकास प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में किए गए कार्यों तथा उनके संदेशों की झलक प्रस्तुत की गई है। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी ने आमजन से प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से प्राप्त की जा सकती है।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की अविरल जनसेवा का सम्मान, सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां, विकसित भारत-2047, आशीर्वाद का दीया से जनसेवा महाकुंभ, मेरे सपनों का भारत, नमो सेवा, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, एआई आधारित पहल, महिला सशक्तिकरण, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट, इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद जैसे विषयों को विस्तार से प्रदर्शित किया गया है।

इसके अलावा प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का पुनर्विकास एवं जीर्णोद्धार, अवस्थापना एवं कनेक्टिविटी, शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायती राज एवं सुशासन तथा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) जैसी योजनाओं और उपलब्धियों को भी चित्रों एवं विवरण के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों से अवगत कराना तथा पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।