नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर माओवादी पार्टी में बदलने का गंभीर आरोप लगाया। रिजिजू ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली सरकार में नेशनल एडवाइजरी काउंसिल पर माओवादी विचारधारा वाले लोगों का कब्जा था और अब कांग्रेस वैचारिक नक्सलवाद का समर्थन कर रही है।
रिजिजू ने कांग्रेस की आलोचना को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस आकलन के विपरीत बताया, जिसमें उन्होंने नक्सलवाद को आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया था।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कांग्रेस पर माओवादी पार्टी में बदलने का आरोप लगाया। उनका यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में ‘दिमागी नक्सलियों’ के जिक्र को लेकर छिड़े राजनीतिक विवाद के बीच आया।
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि जंगलों में सक्रिय हथियारबंद नक्सलियों को काफी हद तक खत्म कर दिया गया है, लेकिन देश के अलग-अलग हिस्सों में दिमागी नक्सली अब भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा था कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें अलग-थलग करने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री के बयान की विपक्षी नेताओं ने आलोचना की। कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम ने एक्स पर कहा कि उन्हें ‘दिमागी नक्सली’ कहे जाने पर गर्व है।
