लखनऊ, संवाददाता। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं का तप-त्याग और बलिदान देशवासियों को प्रेरणा देता है। वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं यूपी की तीनों महिला पीएसी बटालियन में स्थापित की जा रही हैं।
राजधानी लखनऊ में वीरांगना रानी अवंती बाई की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने रानी अवंती बाई लोधी को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान क्रांतिकारियों में से एक बताया। सीएम योगी ने कहा कि वीरांगनाओं का योगदान, तप, त्याग और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि आज वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती है। वर्ष 1857 में उनकी आयु मात्र 27 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में अपना बलिदान देकर मिसाल कायम की। उनका बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्र के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है।
रानी अवंती बाई के योगदान के लिए हर भारतवासी नतमस्तक
सीएम योगी ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी भारत की आजादी की उन महान नायिकाओं में शामिल हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने में कोई संकोच नहीं किया। रानी अवंती बाई लोधी के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ देश की आजादी के लिए संघर्ष किया गया। आज भी हर व्यक्ति श्रद्धा के साथ उनकी स्मृतियों को नमन करता है। उनके योगदान और बलिदान के लिए हर भारतवासी नतमस्तक है।
तीन महिला पीएसी बटालियन में लगेंगी वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं
सीएम ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का आदर्श उत्तर प्रदेश के लिए प्रेरणा बन सके, इसके लिए सरकार ने महिला पीएसी की तीन नई बटालियन के गठन की दिशा में काम आगे बढ़ाया है। इन बटालियनों का नाम वीरांगनाओं के नाम पर किया गया है।
उन्होंने बताया कि बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर पीएसी की नई वाहिनी का गठन लगभग पूरा हो चुका है। वहां रानी अवंती बाई लोधी की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने की कार्रवाई अंतिम चरण में है।
वहीं, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर महिला पीएसी बटालियन के गठन का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। दोनों स्थानों पर संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।
बेटियां सुरक्षित रहें और सम्मान के साथ आगे बढ़ें
सीएम योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में मातृशक्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते थे। वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य यही है कि उन सवालों पर छाए बादल समाप्त हों। बेटियां सुरक्षित रहें और सम्मान के साथ सिर उठाकर समाज के हर क्षेत्र में काम कर सकें।
