आज का चौपाल
जिला संवाददाता संजय दीक्षित
महोबा में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने एक निरीक्षक और 30 उपनिरीक्षकों समेत कुल 31 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जिला पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के बाद जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक श्याम प्रताप पटेल को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थाना कबरई का अपराध निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक श्रीकांत तिवारी को पनवाड़ी चौकी से थाना श्रीनगर भेजा गया है। उनकी जगह अरविंद कुमार उपाध्याय को पनवाड़ी चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कई चौकियों के प्रभारी भी बदले
उपनिरीक्षक रोशन गुप्ता को थाना कबरई में तैनाती दी गई है, जबकि सचिन कुमार को भटिपुरा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। पवन गौड़ को मनियादेव चौकी, विनोद कुमार सिंह को मेडिकल चौकी, सुनील कुमार मिश्रा को गौहरारी चौकी और मलखान सिंह को बेलाताल चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यूपी-112 और न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था भी होगी मजबूत
पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यूपी-112 सेवा और न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए भी पुलिस लाइन से कई उपनिरीक्षकों की तैनाती की है। सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नई तैनाती स्थल पर भेजें और अनुपालन रिपोर्ट गोपनीय कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नई तैनातियों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
