बैंक के अंदर धंसी जमीन, बाल-बाल बची महिला ग्राहक
कानपुर, एजेंसी। छावनी परिषद कानपुर कैंट परिसर के अंदर स्थित इंडियन बैंक में बुधवार को अचानक जमीन धंसने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक के अंदर टाइल्स के नीचे की जमीन धंसने से करीब दो से तीन फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसी दौरान बैंक में आई एक महिला ग्राहक अचानक गड्ढे में गिर गई।
हालांकि, बैंक प्रबंधन के अनुसार महिला को कोई चोट नहीं आई। अचानक जमीन धंसने से बैंक में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
बैंक प्रबंधन के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण टाइल्स के नीचे की जमीन कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह स्थिति बनी। बैंक प्रबंधन ने घटना की जानकारी कैंट बोर्ड और बैंक के उच्च अधिकारियों को दे दी है।
धंसे हुए हिस्से की मरम्मत का काम एक-दो दिन में शुरू कराया जाएगा। फिलहाल प्रभावित हिस्से को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा रही है।
