फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बेचने का आरोप, लैपटॉप से करीब पांच लाख आईडी का रिकॉर्ड मिलने का दावा

चौपाल संवाद

कानपुर। स्कूलों और महत्वपूर्ण संस्थानों को बम धमाकों की धमकी देने वाले ईमेल के मामलों में यूपी एटीएस और पुलिस ने कार्रवाई की है। एटीएस ने घाटमपुर क्षेत्र के अनोइया गांव निवासी अंकित शंखवार (24) को गिरफ्तार किया है। वहीं, दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी देने के दूसरे मामले में काकादेव पुलिस ने यूपीएससी की तैयारी कर रहे सूरज को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई के स्कूलों तथा अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में कानपुर के युवक की भूमिका सामने आई। आरोप है कि अंकित फर्जी पहचान के आधार पर ईमेल आईडी बनाकर पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये, मिस्र समेत कई देशों में बैठे लोगों को बेचता था। इसके बदले वह क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से भुगतान लेता था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपी के लैपटॉप से करीब पांच लाख ईमेल आईडी का विवरण रखने वाली एक्सेल फाइलें मिली हैं। इनमें पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से संबंधित जानकारियां भी दर्ज थीं। एजेंसी को संदेह है कि इन आईडी का इस्तेमाल स्कूलों और महत्वपूर्ण संस्थानों को धमकी भरे ईमेल भेजने में किया गया।

जांच के दौरान एक ईमेल आईडी से नोएडा, दिल्ली और गुरुग्राम के स्कूलों को धमकी भरे संदेश भेजे जाने की जानकारी मिली। इन संदेशों में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा के नाम का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में प्रस्तावित कार्यक्रम और एक चर्चित बॉलीवुड अभिनेता के घर पर धमाके की धमकी दिए जाने का भी उल्लेख सामने आया।

एटीएस के अनुसार, अंकित ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2021 से फर्जी ईमेल आईडी बनाने का काम कर रहा था। सोशल मीडिया पर आईडी की खरीद-फरोख्त करने वाले समूहों के माध्यम से वह ग्राहकों के संपर्क में आया। बाद में विभिन्न देशों के लोगों से उसका संपर्क बढ़ा। वह ईमेल आईडी के साथ पासवर्ड, रिकवरी ईमेल और ऑथेंटिकेशन संबंधी जानकारी एक्सेल शीट में दर्ज कर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजता था।

जांच एजेंसी ने आरोपी के मोबाइल में विदेशी नंबरों से संपर्क और बड़ी मात्रा में यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिलने का दावा किया है। एटीएस के मुताबिक, बांग्लादेशी नागरिक अलामीन इस्लाम उर्फ अलामीन ने उससे फर्जी ईमेल आईडी मांगी थी और इसके बदले छह हजार यूएसडीटी का भुगतान किया था। एजेंसी इस लेनदेन और धमकी भरे ईमेल के बीच संबंध की जांच कर रही है।

एटीएस ने 28 अक्टूबर को अंकित को कानपुर से गिरफ्तार किया। उसके पास से लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए गए हैं। लखनऊ स्थित एटीएस थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एजेंसी आरोपी से पूछताछ कर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

दूसरे मामले में काकादेव पुलिस ने दिल्ली में बम धमाके की धमकी देने के आरोप में सूरज को गिरफ्तार किया। वह फफूंद-दिबियापुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है और यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसने जन्नत-ए-फिरदौस संगठन के नाम से धमकी दी थी। मामले में आगे की कार्रवाई दिल्ली पुलिस कर रही है।