महोबा। 26 अगस्त। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण थाना श्रीनगर के ग्राम सिजहरी में एक मकान रात के समय भरभराकर गिर गया। इसके मलबे में दबने से वृद्ध दंपती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच साल की नातिन मामूली रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने मृतक दंपती के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक मदद का भरोसा दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में पिछले सात घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जगह-जगह भारी जलभराव हो गया है। नदी-नाले उफान पर चल रहे हैं। नदी-नालों के उफान पर होने से कई गांवों में आवागमन प्रभावित हुआ है।

ग्राम सिजहरी में रात के समय पक्का मकान भरभराकर गिर गया। इसमें सो रहे वृद्ध दंपती चतुरा उर्फ चतुर मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि उनकी पांच साल की नातिन मामूली रूप से घायल हो गई।