केरल (एजेंसी)। ओणम-पयर्टन सप्ताह समारोह में हिस्सा लेने और देशभर की लोक परंपराओं को केरल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ एक मंच पर लाने के लिए 10 राज्यों के 160 लोक कलाकार राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंच रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और तमिलनाडु के कलाकार 24 से 30 अगस्त तक होने वाले सप्ताहभर के समारोह के दौरान केरल के विभिन्न स्थानों पर अपनी पारंपरिक कला प्रस्तुतियां देंगे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, कलाकार दो क्षेत्रों के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम पेश करेंगे। इससे त्योहार के दौरान लोगों को देश के अलग-अलग हिस्सों की लोक परंपराओं और कला को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

ये कलाकार 30 अगस्त को होने वाली भव्य ओणम शोभायात्रा में भी शामिल होंगे। शोभायात्रा शाम पांच बजे मानवीयम वीथि से शुरू होकर ईस्ट फोर्ट तक जाएगी।

विज्ञप्ति में कहा गया कि केरल के बाहर के कलाकारों की भागीदारी का उद्देश्य इस साल के समारोह को अधिक विविधतापूर्ण बनाना और विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं को एक साझा मंच पर लाना है।

राज्य स्तरीय समारोह 24 से 30 अगस्त तक राजधानी में 35 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इन स्थानों पर 340 से अधिक कार्यक्रम होने हैं।