नाबालिग के अपहरण से जुड़े मुकदमे में कार्रवाई, आरोपी को न्यायालय में किया पेश

चौपाल संवाददाता

फतेहपुर। हुसैनगंज थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण से संबंधित मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कोरी (20) पुत्र रमाकांत कोरी, निवासी रामपुर, मजरे लकड़ी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना हुसैनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 215/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2)/87 के तहत अभियोग दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, मामले से संबंधित अपहृता को एक सितंबर 2026 को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इसके बाद से मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 28 अक्टूबर 2026 को आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद शिबतैन खान और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।