फतेहपुर  संवाददाता। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा की गई। इस दौरान स्नातक निर्वाचन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थलों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं (AMF) उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार अलग बूथ बनाए जाने की मांग रखी।

इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित तहसील के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रस्तावों की जांच की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि मतदेय स्थलों के संबंध में कोई परिवर्तन या सुझाव देना हो तो 23 सितंबर 2026 तक संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा पदाभिहित अधिकारी के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त सुझावों का स्थलीय जांच के बाद नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त की।