लखनऊ, संवाददाता। यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के हंगामेदार होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जमकर भड़के। उन्होंने कहा कि यही विपक्ष का लोकतंत्र-विरोधी असली चेहरा है।
यूपी विधानसभा का मानसून सत्र बुधवार को भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। सदन की कार्यवाही दोपहर करीब डेढ़ बजे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई और कहा कि सदन में विपक्ष का आचरण शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “ये लोग लोकतंत्र-विरोधी हैं और यही इनका असली चेहरा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र को हंगामे की भेंट चढ़ाना प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के साथ बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों के लिए कई नई योजनाएं घोषित की जा सकती थीं। गरीबों के कल्याण के लिए नए कार्यक्रम शुरू हो सकते थे। इसके लिए सरकार 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के नकारात्मक रवैये के कारण युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के मुद्दों पर सदन में चर्चा नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह आचरण युवा, किसान, महिला और गरीब विरोधी है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों सहित विभिन्न वर्गों के मानदेय में वृद्धि की गई है। महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सदन में चर्चा होनी थी, लेकिन समाजवादी पार्टी के नकारात्मक रवैये के कारण यह संभव नहीं हो सका। हालांकि, विधानसभा ने अनुपूरक बजट पारित कर दिया है और इन सभी वर्गों के लिए जल्द ही योजनाओं पर काम शुरू होगा।
मंगलवार को भी दिया था बयान
इससे पहले मंगलवार को भी सदन में हंगामे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की एसआईटी जांच में साधु-संतों की संलिप्तता नहीं मिली है। इसके बावजूद विपक्ष तथ्यों को तोड़-मरोड़कर सनातन, अयोध्या और मंदिर को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन से बाहर आए मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाए, वे आज अयोध्या और आस्था की बात कर रहे हैं।
