फतेहपुर संवाददाता। रबी सत्र 2026-27 में किसानों को अनुदानित दर पर सामान्य बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी फतेहपुर ने बताया कि जनपद में विभिन्न फसलों के बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निर्धारित लक्ष्य के अनुसार तोरिया 3 कुंतल, राई/सरसों 55 कुंतल, चना 1,951 कुंतल, मटर 21 कुंतल, मसूर 90 कुंतल तथा गेहूं 16,564 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा तिलहन एवं दलहन फसलों के निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरण के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। रबी सत्र में वितरण के लिए बीज प्राप्त होना शुरू हो गया है।

कृषि विभाग के अनुसार विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट का लाभ लेने के लिए पंजीकृत किसानों को विभागीय पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। इसके बाद ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को बीज एवं मिनीकिट उपलब्ध कराया जाएगा।

किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार पोर्टल पर स्वयं बीज अथवा मिनीकिट के लिए बुकिंग कर सकते हैं। मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं बुकिंग करने के अलावा किसान अपने न्याय पंचायत के प्राविधिक सहायक, नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर निःशुल्क बुकिंग करा सकते हैं।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि बीज एवं मिनीकिट प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर विभागीय पोर्टल पर अपनी बुकिंग अवश्य करा लें, ताकि उन्हें संबंधित योजना का लाभ मिल सके।