चौपाल संवाद
फतेहपुर, 13 अगस्त। प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सहभागिता के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा पटेल नगर चौराहे से शुरू होकर ठाकुर दरियाव सिंह स्मारक, ज्वालागंज पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले देश के वीर सपूतों के सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए गए। साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प दोहराया गया। यात्रा में भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों के अलावा जिला पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित राजनीतिक दल है, जिसके विचारों में राष्ट्र प्रथम और पार्टी द्वितीय का भाव है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता देश में राष्ट्र प्रथम की उत्कृष्ट भावना को प्रमाणित करती है।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने यात्रा में शामिल सभी लोगों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
यात्रा में विधायक राजेंद्र पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री रणवेंन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, विक्रम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कल्याणपुर पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय विश्वनाथ खन्ना के आवास पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, अपर्णा सिंह, पंकज त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, सुधा मौर्या, सुशांत श्रीवास्तव, अरुण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह की प्रतिमा तक पहुंची, जहां माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया गया।
जगह-जगह लगाए गए जलपान के स्टॉल
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह फल, बिस्किट, शरबत और पानी के जलपान स्टॉल लगाए गए। स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल राष्ट्रभक्तों का स्वागत और सम्मान किया।