फतेहपुर संवाददाता। सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, फतेहपुर द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 26 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से सदर विधानसभा क्षेत्र स्थित ठाकुर युगराज सिंह महाविद्यालय, जी.टी. रोड, फतेहपुर में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।

रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों का सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल www.rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने के बाद 26 सितंबर को प्रातः 10 बजे निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर लें और रोजगार मेले का लाभ उठाएं।

किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष संख्या 05180-298602 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।