हथियार बरामद, खुद को पीएमओ अधिकारी बताने का दावा; सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

मुंबई, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाराष्ट्र दौरे से पहले मुंबई में सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में दो लोगों को हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में से एक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी बताया। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति के पास बंदूक थी।

पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार की है। मामले की जांच मुंबई अपराध शाखा कर रही है। पुलिस ने बताया कि हथियार का लाइसेंस वैध पाया गया है और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

संदिग्ध सरकारी पहचान पत्र लेकर पहुंचे थे

मुंबई पुलिस के अनुसार, तीन लोगों ने कथित तौर पर संदिग्ध सरकारी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया और हथियार लेकर मॉल की सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए बीकेसी के जियो वर्ल्ड प्लाजा में प्रवेश किया। आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताने का प्रयास किया।

इस संबंध में बीकेसी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदिग्धों का वास्तविक उद्देश्य क्या था।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में

मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई पहुंचेंगे। वह शाम करीब 5:45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे। फिनटेक क्षेत्र के इस प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।