पहले हाथ की नस काटी, फिर फंदे पर लटका; परिजनों को फोन कर सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होने को कहा

आज का चौपाल | कानपुर।

कानपुर। पत्नी और बच्चों से करीब दो साल से दूरी तथा पारिवारिक तनाव के बीच रावतपुर गांव निवासी 37 वर्षीय प्रशांत शुक्ला ने रविवार रात कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, उसने पहले हाथ की नस काटी और फिर साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से पहले उसने अपने चचेरे भाई को फोन कर हाथ की नस काटने की जानकारी दी और सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होने की बात कही। परिजन कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था।

जानकारी के अनुसार, रावतपुर गांव में रामलला मंदिर के पीछे रहने वाला प्रशांत एक निजी कंपनी में काम करता था। परिवार में उसकी मां कांति और बड़ा भाई अजय शुक्ला हैं। अजय के मुताबिक, प्रशांत की वर्ष 2014 में दिल्ली निवासी राखी से शादी हुई थी। दंपती के दो बच्चे कनक और शिवांग हैं। शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब दो साल पहले राखी दोनों बच्चों को लेकर दिल्ली स्थित मायके चली गई थी। इसके बाद से प्रशांत पत्नी और बच्चों से अलग रह रहा था।

बेटे से बात करने के लिए करता था आग्रह

परिजनों के मुताबिक, प्रशांत अपने बेटे शिवांग से बेहद लगाव रखता था। वह अक्सर पत्नी को फोन कर बेटे से बात कराने की गुजारिश करता था। आरोप है कि पत्नी उसे बेटे से बात नहीं कराती थी और फोन पर उसे खरी-खोटी भी सुनाती थी। करीब तीन महीने पहले प्रशांत दिल्ली स्थित ससुराल गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां उसकी पत्नी ने उसके सामने ही दोनों बच्चों की पिटाई की थी। पत्नी और बच्चों से दूरी तथा पारिवारिक तनाव के चलते वह परेशान रहता था।

कमरे में बंद होकर लगाया फंदा

परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे प्रशांत घर लौटा और मां से खाना मांगा। मां उसके कमरे में खाना रखकर आराम करने चली गईं। कुछ देर बाद प्रशांत ने अपने चचेरे भाई को फोन कर हाथ की नस काटने की जानकारी दी और सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होने को कहा। घबराए चचेरे भाई ने बड़े भाई अजय को सूचना दी।

परिजन कमरे में पहुंचे तो प्रशांत खून से लथपथ पड़ा था। मां उसकी मरहम-पट्टी करने लगीं, जबकि अजय डॉक्टर को बुलाने के लिए चला गया। इसी दौरान मां कमरे से बाहर निकलीं तो प्रशांत ने दरवाजा बंद कर साड़ी से फंदा लगा लिया। परिजन दोबारा कमरे में पहुंचे तो वह फंदे पर लटका मिला।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी