भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से किया पुराना जुड़ाव साझा, प्रेस विज्ञप्ति भेजने से लेकर गुजरात का मुख्यमंत्री बनने तक के अनुभव किए याद
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में मीडिया कर्मियों को दिवाली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के साथ अपने पुराने जुड़ाव और मीडिया के बदलते स्वरूप से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री ने अपने शुरुआती राजनीतिक दिनों के कई दिलचस्प किस्से सुनाते हुए बताया कि कभी उनकी जिम्मेदारी प्रेस विज्ञप्तियां भेजने के साथ पार्टी कार्यालय में दिवाली मिलन समारोह के दौरान कुर्सियों की व्यवस्था करने की भी होती थी।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार में आने के बाद उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां बदल गई हैं, लेकिन पत्रकारों के साथ उनका पुराना और स्वाभाविक जुड़ाव आज भी बना हुआ है।
प्रेस विज्ञप्ति से इंस्टाग्राम रील्स तक का सफर
समारोह में मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान हर कोई अपने परिवार और अपनों के साथ समय बिताने की कोशिश करता है। इसके बावजूद मीडिया कर्मी ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ के बीच समय निकालकर इस कार्यक्रम में पहुंचे, इसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि उनका पत्रकारों के साथ लंबे समय से स्वाभाविक जुड़ाव रहा है। प्रेस विज्ञप्तियों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, उन्होंने मीडिया और संवाद के तरीकों में आए बदलावों को करीब से देखा है।
प्रधानमंत्री ने 1990 के दशक की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय देशभर में निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। तब प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढ़नी पड़ती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनके पास यही जिम्मेदारियां थीं।
जब पीएम मोदी लगाते थे कुर्सियां
मोदी ने बताया कि उस समय भाजपा का कार्यालय अशोक रोड पर हुआ करता था। वहां भी दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया जाता था। इन कार्यक्रमों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियों की व्यवस्था करने और आने वाले लोगों का ध्यान रखने की होती थी।
उन्होंने कहा कि उस समय कैमरों की संख्या कम थी, लेकिन आपसी रिश्तों में वही अपनापन और नजदीकी बनी हुई थी।
गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर का सुनाया किस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समारोह के दौरान अपने पत्रकार मित्रों को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर मिलने से जुड़ा किस्सा भी सुनाया।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने उन्हें सरकार का प्रमुख बने हुए 25 साल पूरे हो गए। यह घटना उन्हें आज भी अच्छी तरह याद है। उन्होंने कहा कि उस समय इस बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी। पार्टी के केवल दो-चार वरिष्ठ नेताओं को ही इसकी जानकारी थी।
पीएम मोदी ने कहा कि उस दौर में उनका ज्यादातर समय 11 अशोक रोड स्थित पार्टी कार्यालय में ही बीतता था। उन्होंने पत्रकारों के साथ अपने पुराने संबंधों और उन दिनों की यादों को साझा करते हुए कहा कि समय के साथ जिम्मेदारियां और संवाद के तरीके जरूर बदले हैं, लेकिन आपसी अपनापन आज भी कायम है।
