दिल्ली से घर लौट रहा था निजी कंपनी का कर्मचारी शैलेंद्र मौर्य, जयपुरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा

चौपाल संवाद

कानपुर। चलती ट्रेन से गिरा अपना महंगा मोबाइल फोन उठाने के प्रयास में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कमोली किशुनदासपुर गांव निवासी शैलेंद्र मौर्य (25) के रूप में हुई है। वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करता था और मंगलवार को ट्रेन से घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सफर के दौरान शैलेंद्र का करीब एक लाख रुपये कीमत का आईफोन ट्रेन के दरवाजे के पास से नीचे गिर गया। मोबाइल उठाने के लिए उसने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान गंभीर हादसा हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे जयपुरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास हादसे की सूचना मिलने पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक का मोबाइल ट्रेन से नीचे गिरा था और उसे उठाने के प्रयास में वह ट्रेन से कूद गया था।

जीआरपी के कार्यवाहक थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही तथ्य सामने आए हैं। बाद में पुलिस ने मृतक का आईफोन भी बरामद कर लिया।

शैलेंद्र की शादी नहीं हुई थी। परिवार में वह बड़ा बेटा था। उसके पिता बेतलाल और मां पंजाब के लुधियाना की एक फैक्टरी में काम करते हैं। परिवार के लोग लंबे समय से वहीं रह रहे थे। शैलेंद्र की शादी के लिए रिश्ते भी देखे जा रहे थे। हादसे की खबर से परिवार में शोक छा गया।