आंध्र प्रदेश में रेलवे पुल डूबने से रेल सेवाएं प्रभावित, प्रभावित लोगों को निकालने के लिए राहत अभियान तेज

भुवनेश्वर/अमरावती। एजेंसी।

चक्रवात ‘अनर्नब’ के प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश तथा बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। ओडिशा के गंजाम जिले में करीब 300 गांव पानी से घिर गए हैं। राज्य सरकार प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चला रही है। पहले चरण में लगभग 120 लोगों को हवाई मार्ग से निकालने की योजना बनाई गई है।

ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य कर रही हैं। हालांकि लगातार बारिश और बादलों के कारण हेलीकॉप्टर से लोगों को निकालने में कठिनाई आ सकती है। राज्य सरकार इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क में है। भारतीय तटरक्षक बल भी हेलीकॉप्टर और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।

अधिकारियों के मुताबिक, गंजाम जिले के सोरड़ा सहित कई इलाके सबसे अधिक प्रभावित हैं। पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश के कारण ऋषिकुल्या नदी उफान पर है। इससे आसपास के कस्बों और गांवों में पानी भर गया है। दिगपहांडी ब्लॉक में भी लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

राज्य के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना ने बताया कि सनाखेमुंडी और आसका ब्लॉक के कई गांवों में लोग पानी से घिरे हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और बारिश कम होने पर बचाव दल प्रभावित लोगों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगे।

उधर, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में रेलवे पुल डूबने के कारण रेल सेवाएं बाधित हुई हैं। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा कर राहत कार्य तेज करने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।