कानपुर: बजट विवाद में भाजपा के बागी पार्षदों ने खोली पोल
कानपुर। कानपुर नगर निगम में 15वें वित्त और निगम निधि के बजट आवंटन में भारी पक्षपात और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भाजपा के बागी पार्षदों ने मंगलवार को 110 पार्षदों की सूची सार्वजनिक की है। आरोप है कि पिछले साढ़े तीन साल में 594 करोड़ रुपये के 765 विकास कार्यों में से कुछ चुनिंदा चहेते पार्षदों को करोड़ों रुपये दिए गए हैं।
कानपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार के साथ ही 15वें वित्त और नगर निगम निधि के बजट से होने वाले विकास कार्यों में भी पक्षपात किए जाने का आरोप है। मंगलवार को इसका खुलासा साढ़े तीन साल में 110 पार्षदों को मिले बजट की सूची सार्वजनिक कर भाजपा के बागी पार्षदों ने किया।
बागी पार्षदों ने कहा कि नगर निगम में खास दखल रखने वाले एक शख्स के चहेते आठ पार्षदों को करोड़ों रुपये आवंटित किए गए। इसके विपरीत उन्हें और भाजपा के साथ सपा व अन्य पार्षदों को अपने वार्ड में विकास कार्य कराने के लिए एक रुपया भी नहीं मिला।
पार्षदों का आरोप है कि साढ़े तीन साल में 594 करोड़ रुपये की धनराशि 765 कार्यों के लिए वितरित की गई। वार्ड-37 के भाजपा के बागी पार्षद पवन गुप्ता ने दावा किया कि 15वें वित्त आयोग के तहत उन्हें विकास कार्य के लिए एक रुपया भी नहीं मिला।
सूची के मुताबिक, जोन-1 में वार्ड-32 के भाजपा पार्षद आकाश बाजपेई को 5.91 करोड़ और वार्ड-109 के कांग्रेस पार्षद हाजी सुहेल अहमद को 3.57 करोड़ रुपये का बजट मिला, जबकि सपा पार्षद सैयद अनवर अली के वार्ड-94 का बजट शून्य है।
पिछले नौ माह से उठा रहे हैं सवाल
वार्ड-62 के भाजपा पार्षद भवानी शंकर को सबसे अधिक 14.41 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। जोन-3 के वार्ड-88 की भाजपा पार्षद कंचन शुक्ला के लिए 8.50 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
वार्ड-38 के भाजपा के बागी पार्षद हरी स्वरूप तिवारी के लिए बजट शून्य है। हरी स्वरूप वार्डों के विकास कार्यों के लिए राशि में इतने बड़े अंतर और नगर निगम में बजट तय करने की प्रक्रिया को लेकर पिछले नौ माह से सवाल उठा रहे हैं।
जोन-4 में वार्ड-15 के भाजपा पार्षद सौरभ देव के लिए सबसे ज्यादा 6.96 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
इनके लिए इतना बजट हुआ प्रस्तावित
वार्ड-42 के भाजपा पार्षद जितेंद्र बाजपेई के लिए 6.21 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं, जबकि वार्ड-4 के भाजपा के बागी पार्षद अंकित मौर्य और वार्ड-10 की भाजपा की बागी पार्षद लक्ष्मी कोरी के लिए बजट शून्य है।
जोन-5 में प्रस्तावित विकास बजट में वार्ड-34 के भाजपा पार्षद नीरज गुप्ता के लिए सबसे ज्यादा 9.45 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। वार्ड-93 के भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित को 5.70 करोड़ रुपये, जबकि वार्ड-50 की भाजपा की अनुप्रिया दुबे को महज 32 लाख रुपये प्रस्तावित हैं।
जोन-6 के वार्ड-44 की निर्दलीय पार्षद कुंती के लिए सबसे ज्यादा 7.01 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। पांच बार जीतकर आने वाले वार्ड-40 के भाजपा पार्षद महेंद्र पांडे को 52.50 लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
15वें वित्त की अध्यक्ष हैं महापौर
15वें वित्त आयोग की अध्यक्ष महापौर प्रमिला पांडेय हैं। सचिव/संयोजक नगर आयुक्त और सदस्य जिलाधिकारी हैं। उपाध्यक्ष पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता हैं।
