रैली के बाद हुए शुद्धिकरण को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की

महिला अधिवक्ता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी, एजेंसी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर शुद्धिकरण हवन कराए जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। महिला अधिवक्ता अंजू की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि खरगे की रैली के बाद कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में शुद्धिकरण हवन कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अनुसूचित जाति समाज से आते हैं और उनके कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण हवन कराए जाने से जातिगत भावनाएं आहत हुई हैं।

अधिवक्ता अंजू ने इस संबंध में 15 अगस्त को कोतवाली में तहरीर दी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से जांच का हवाला दिया जाता रहा और तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

बताया गया कि बेंगलुरु में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद नैनीताल पुलिस ने महिला अधिवक्ता की तहरीर पर एससी-एसटी एक्ट के साथ आईटी एक्ट की संबंधित धारा में भी मामला दर्ज किया है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच हल्द्वानी के सीओ अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।