चौपाल संवाददाता
गोण्डा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल, गोण्डा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों से कुल 241 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 205 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान 188 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ, जबकि 17 जोड़ों का निकाह मौलवी साहिबे आलम ने इस्लामिक परंपरा के अनुसार कराया। आयोजन में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों और अन्य लोगों की उपस्थिति रही।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, गोंडा के सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी माधवी पांडेय और जिला पर्यटन एवं सूचना अधिकारी श्रीमती वंदना पांडेय सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने विवाह मंडप में बैठे नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी जरूरतमंद परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता और उपहार सामग्री की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत प्रति जोड़े के लिए कुल 64,000 रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें कन्या के बैंक खाते में निर्धारित धनराशि भेजने के साथ गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।
उपहार सामग्री में स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, कन्या के लिए पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को विवाह संबंधी खर्च में सहायता देने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
Show less


