महोबा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें ऑनलाइन मोबाइल गेम पबजी के जरिए शुरू हुआ प्यार एक विवाहित महिला के वैवाहिक जीवन को तबाह कर गया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा मोहल्ले का है।

जहां 30 वर्षीय मिठाई दुकानदार शीलू रैकवार ने पत्नी की सनक और प्रताड़ना से परेशान होकर उसे प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी। ताकि अपनी और अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे की जान बचा सके।
वर्ष 2022 में शीलू रैकवार की शादी बांदा के मटौंध की आराधना से हुई थी। शादी के बाद पत्नी को पबजी गेम की लत लग गई। गेम खेलते-खेलते उसकी लुधियाना निवासी युवक शिवम से दोस्ती और फिर प्रेम संबंध बन गए।

वहीं शीलू दिनभर दुकान पर काम करता था। जबकि आराधना घर में रह करके दिनभर मोबाइल में व्यस्त रहती थी। धीरे-धीरे वह पति से बातचीत और रिश्ता तोड़ने लगी।

शीलू ने आरोप लगाया कि आराधना ने अपने ही डेढ़ साल के बेटे को पीटकर उस पर घरेलू हिंसा के झूठे आरोप लगाने की कोशिश की। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान आज भी मौजूद हैं।
54 टुकड़ों में काटने की दी धमकी

जब शीलू ने पत्नी को समझाने की कोशिश की तो उसने डरावनी धमकी दी। अगर हमारे बीच आने की कोशिश की तो तुझे 54 टुकड़ों में काटकर ड्रम में भर दूंगी। शीलू ने फिर भी रिश्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन बीते दिन करीब 900 किलोमीटर दूर से आराधना का प्रेमी शिवम घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आराधना ने पति और बेटे को छोड़ प्रेमी संग जाने की जिद पकड़ ली।

शीलू ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी शिवम का शांतिभंग में चालान कर दिया। लेकिन आराधना ने प्रेमी शिवम के साथ जाने का निर्णय लिया। पति व बेटे को छोड़ दिया।