कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को पतारा कस्बे में पांच कच्चे मकान ढह गए। हालांकि, मकानों में रह रहे लोग हादसे में बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। घटना के बाद प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, पतारा कस्बा निवासी प्रमोद तिवारी के कच्चे मकान की दो छतें गिर गईं। जिस समय छतें गिरीं, वह घर से बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
वहीं, कस्बा निवासी शिववती पत्नी स्व. देवनारायण ने बताया कि वह घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पीछे का कमरा अचानक ढह गया। वह अपने बेटे को लेकर बाहर निकलीं, तभी छत भी गिर गई।
कस्बा निवासी मिथिलेश पत्नी स्व. सत्यनारायण ने बताया कि वह घर पर थीं, तभी घर की कच्ची छत गिर गई। हादसे में उन्हें मामूली चोट आई है।
इसी तरह कस्बा निवासी धीरेन्द्र द्विवेदी के घर की भी छत गिर गई। हादसे के समय उनकी पत्नी पूजा अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर बाहर निकली ही थीं, तभी छत भरभराकर गिर गई। इससे दोनों बाल-बाल बच गए।
दो कमरे ढहे, हजारों का नुकसान
कस्बा निवासी सुमन पत्नी स्व. रमेश के घर में बने कच्चे दो कमरे भी बारिश के कारण ढह गए। इससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
लेखपालों को सर्वे के निर्देश
एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तहसीलदार समेत सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्र में बारिश के कारण मकान गिरने की घटनाओं का सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। लेखपालों से क्षति की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के दिनों में जर्जर और कच्चे मकानों में रहने से बचें तथा खतरा महसूस होने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।


