नयी दिल्ली (एजेंसी)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हिमाचल प्रदेश के निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने शनिवार को यहां जारी एक संदेश में यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री धनखड़ ने राज्य के लोगों के लिए प्रगति और विकास की नई ऊंचाइयां छूने की कामना की है।

श्री धनखड़ ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। राज्य सदैव प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए और देवभूमि के लोगों को सदैव ईश्वर का आशीर्वाद मिले।” उन्होंने कहा कि हिमालय के नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर देवभूमि हिमाचल प्रदेश सही अर्थ में भारत की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और अनूठी विविधता का प्रतीक है।

उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग अपनी गर्म जोशी और मित्रवत व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। हिमाचल प्रदेश का समाज भारत की सदियों पुरानी सभ्यता के मूल्यों को समेटे हुए है।