पटना, एजेंसी। आरसीपी सिंह के जाने के बाद अगले नौकरशाह के रूप में आईएएस मनीष वर्मा को जनता दल यूनाईटेड (जदयू) में एंट्री के 48 घंटे के अंदर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पिछले महीने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए राज्यसभा सांसद संजय झा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश पर मनीष वर्मा को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। जदयू महासचिव और विधायक आफाक अहमद खान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के आदेश पर तत्काल प्रभाव से इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की।
राजनीति में चेहरा नया, जदयू में पुराना
ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी रह चुके मनीष वर्मा ने 2018 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। शुरू में वह ओडिशा के जिलों में डीएम रहे थे। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के मूल निवासी मनीष वर्मा 2012 में अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति के तहत अपने राज्य लौट आए थे। इसके बाद से वह लगातार बिहार में ही सेवा दे रहे थे। वह पटना और पूर्णिया के जिलाधिकारी भी रहे हैं।